सड़क हादसा ; ट्रक की चपेट में आये बाइक सवार दो युवक, मौके पर मौत…

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी . इस सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई . बाइक सवार दोनों युवक पेन्ड्रा से कोटा लौट रहे थे . आमने-सामने की यह टक्कर रतनपुर-केंदा मार्ग में दारसागर चौक के पास हुई . बाइक सहित दोनों युवक करीब 10 फीट तक घिसटते चले गए .
बेलगहना चौकी के पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिवतराई-सराईपाली (कोटा) निवासी चंद्रशेखर गंधर्व (23) एक कारखाने में ड्राइवर था . शुक्रवार की सुबह वह अपने भाई को छोड़ने के लिए पेंड्रा के ग्राम करगीखुर्द, घटोलीपारा गया था . भाई को छोड़ने के बाद वह घटोलीपारा निवासी अपने रिश्तेदार पंचराम गंधर्व (25) को अपनी बाइक में बैठाकर वापस सराईपाली (कोटा) आ रहा था . सुबह करीब 9 बजे उनकी बाइक रतनपुर-केंदा मुख्य मार्ग में दारसागर चौक के पास पहुंची ही थी तभी रतनपुर की तरफ से आ रही ट्रक ने सामने से उनकी बाइक को टक्कर मार दी . ट्रक चालक बाइक सहित उसमें सवार युवकों को दस फीट तक घसीटते ले गया . सिर पर अत्यधिक चोट लगने से दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई .


इस हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई . आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ भी वहां जुट गई . इस दौरान चालक, ट्रक छोड़कर भाग खड़ा हुआ . पुलिस को एक युवक के पॉकिट से मोबाइल और पर्स मिला जिसमें रखे आधार कार्ड से उसकी पहचान कोटा के सराईपाली निवासी चंद्रशेखर गंधर्व के रूप में हुई . पुलिस ने उसके परिजनों के वहां पहुंचने पर उसके रिश्तेदार पंचराम गंधर्व की पहचान भी कर ली . पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है . पुलिस ने इस मामले में वाहन चालक के विरुद्ध 304(ए) का मामला दर्ज कर प्रकरण को विवेचना में लिया है . आगे की जांच जारी है .
इस घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ ने मौके पर खूब हंगामा मचाया और चक्का जाम करने की चेतावनी दी . पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला और भीड़ के गुस्से को शांत किया . पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है .

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *