छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिला के सीपत क्षेत्र में चार साल के एक मासूम बच्चे का अपहरण कर हत्या कर दी गई . बच्चे का पिता ही हत्या का आरोपी निकला . पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ एवं विवेचना में पिता ने अपने ही बच्चे की गला घोंटकर हत्या करना कबूल कर लिया है .
सीपत थाना प्रभारी ने बताया कि ग्राम सेलर निवासी मदन सूर्यवंशी (29) मूलतः किसान है . शुक्रवार की दोपहर बाद उसका चार साल का बेटा दिव्यांशु उर्फ़ शौर्य उर्फ बल्ला घर से खेलने के लिए निकला था . शौर्य खेलते-खेलते अचानक गायब हो गया . देर शाम को उसके परिजन जब उसे वापस बुलाने के लिए पहुंचे तो वह गायब था जबकि उसके साथी-बच्चे अपने-अपने घर चले गए थे . बच्चे के परिजन उसे लगभग पूरी रात तलाश करते रहे .
शनिवार को सुबह करीब 4.30 बजे शौर्य की लाश मदन के चचेरे भाई गोपी ने घर के पास ही गली में देखी . उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी . मासूम बच्चे की मौत की खबर मिलने पर सीपत पुलिस भी मौके पर पहुंची .
पुलिस के अनुसार शौर्य के शव को देखने से साफ लगता है कि गला घोंटकर उसकी हत्या की गई है . उसके शरीर में खरोंच के निशान भी मिले हैं . पुलिस ने मर्ग कायम कर तत्काल मामले को जांच में लिया .
पुलिस ने परिजनों व आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की और संदेह के आधार पर शौर्य के पिता मदन को हिरासत में ले लिया . प्रारंभिक पूछताछ एवं विवेचना में पिता ने अपने ही मासूम बच्चे शौर्य की हत्या करना कबूल कर लिया . पुलिस ने मदन के खिलाफ धारा 364 और 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया है . मामले की विस्तृत जांच जारी है .
सीपत थाना प्रभारी ने बताया कि मदन और उसकी पत्नी सलमा के बीच अनबन थी . शादी से पहले ही दोनों के घर अगल-बगल थे . उन्होंने प्रेम-विवाह किया था . शादी के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था . मदन अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था . उसे शक था कि शौर्य उसका बच्चा नहीं है . मदन शराब पीने का आदी था और अक्सर अपनी पत्नी पर चरित्रहीन होने का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट किया करता था . शुक्रवार की दोपहर भी दोनों के बीच विवाद हुआ था . गुस्से में सलमा, मदन के घर से अपने मायके घर चली गई थी . बाद में मदन उसे मनाकर वापस घर ले आया था . वापस आकर उन्होंने दुबारा झगड़ा किया . इस बीच शौर्य को खेलने के लिए भेज दिया गया था . विवाद बढ़ने पर सलमा एक बार फिर अपने मायके चली गई थी .
पुलिस के अनुसार आखिरी बार शौर्य को अपने पिता मदन के साथ देखा गया था . पुलिस ने मदन को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की . आखिरकार मदन ने कबूल कर लिया कि उसने ही अपने बच्चे शौर्य की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसकी लाश को घर के पास गली में फेंक दिया .
छत्तीसगढ़ के सीपत क्षेत्र में पिता ने अपने मासूम बच्चे की गला घोंटकर हत्या कर दी…
