स्वर्ण संग्राम ; सोने की शुद्धता, उपभोक्ता हित एवं सराफा व्यापारियों के अधिकारों को लेकर 20 अगस्त को प्रदेशव्यापी अभियान….
33 जिलों में कलेक्टर को सौंपा जाएगा प्रधानमंत्री कार्यालय के नाम ज्ञापन…
बिलासपुर में आधे दिन सराफा बाजार बंद रखकर सदर बाजार से कलेक्टर कार्यालय तक निकलेगी पैदल यात्रा…
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के एक ब्रांडेड ज्वेलरी शोरूम में 14 अगस्त 2026 को सामने आए मामले, जिसमें HUID युक्त 22 कैरेट स्वर्ण आभूषण को जांच के दौरान 20 कैरेट बताया गया था तथा पुनः जांच में 916 अर्थात 22 कैरेट पाया गया, इस मामले में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन द्वारा उपभोक्ता हित एवं सराफा व्यापार से जुड़े व्यापक विषयों को लेकर 20 अगस्त 2026 को प्रदेशव्यापी ज्ञापन अभियान चलाया जाएगा।
एसोसिएशन का कहना है कि यह विषय केवल किसी एक प्रतिष्ठान का मामला नहीं है, बल्कि स्वर्ण की शुद्धता की जांच, HUID एवं Hallmark की विश्वसनीयता, Gold Testing Machines की तकनीकी शुद्धता, उपभोक्ता संरक्षण तथा पूरे ज्वेलरी क्षेत्र में समान एवं निष्पक्ष व्यापारिक व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
एसोसिएशन का आरोप है कि बड़े ब्रांडेड ज्वेलरी शोरूमों द्वारा “सस्ता सोना”, “Zero Making Charge”, Exchange Offer जैसे आकर्षक प्रचार के माध्यम से ग्राहकों को आकर्षित किया जाता है। एसोसिएशन ने कहा है कि उन्हें वैध प्रतिस्पर्धा से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन भ्रामक अथवा अधूरी जानकारी वाले दावों से पुश्तैनी सराफा व्यापारियों की वर्षों से अर्जित विश्वसनीयता एवं व्यापारिक हित प्रभावित नहीं होने चाहिए।
इसी को लेकर ज्ञापन में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष Gold Testing व्यवस्था, HUID-Hallmark एवं Testing Machines की सख्त निगरानी व नियमित Calibration, भ्रामक विज्ञापनों पर रोक, सोने के भाव में पारदर्शिता एवं समान व्यवस्था, सभी ज्वेलरी प्रतिष्ठानों के लिए सरल एवं समान Billing नियम, पुश्तैनी कारीगरी एवं भारतीय स्वर्ण कला बोर्ड/स्वर्णकार कल्याण बोर्ड का गठन तथा स्थानीय सराफा व्यापारियों एवं पारंपरिक स्वर्ण कारीगरों के संरक्षण सहित विभिन्न मांगें रखी जाएंगी।
एसोसिएशन ने आव्हान किया है कि 20 अगस्त को छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में जिला सराफा इकाइयों द्वारा अपने-अपने जिला कलेक्टर को प्रधानमंत्री कार्यालय, भारत सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

बिलासपुर में विशेष कार्यक्रम…
बिलासपुर में इस अभियान के तहत आधे दिन सराफा बाजार बंद रखा जाएगा। जिले के सभी सराफा व्यापारी सदर बाजार से एकजुट होकर पैदल यात्रा करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचेंगे, जहां कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी व्यक्ति या किसी एक ब्रांड के विरोध के लिए नहीं, बल्कि सभी ब्रांडेड एवं गैर-ब्रांडेड ज्वेलरी प्रतिष्ठानों के लिए समान नियम, निष्पक्ष व्यापार, उपभोक्ता हित, स्वर्ण की शुद्धता में पारदर्शिता तथा स्थानीय सराफा व्यापारियों और भारतीय स्वर्ण कारीगरों की प्रतिष्ठा एवं आजींविका की सुरक्षा के लिए है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी कहना है कि “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” की भावना तभी मजबूत होगी, जब देश और क्षेत्र के सराफा व्यापारी एवं पारंपरिक स्वर्ण कारीगर भी मजबूत होंगे।


