बिलासपुर विधायक शैलेष पाण्डेय और लोरमी विधायक धर्मजीत ने विधानसभा में उठाया सीवरेज परियोजना में हुई बालक की मौत का मामला, संसदीय कार्य मंत्री रविंद्र चौबे ने की जांच की घोषणा…(देखें video)

छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज, सोमवार को एक बार फिर बिलासपुर सीवरेज परियोजना का मुद्दा गूंजा। शून्यकाल में विधायक धर्मजीत सिंह, शैलेष पांडेय ने इस मुद्दे को उठाया। नेताद्वय ने कहा कि बिलासपुर का सीवरेज जी का जंजाल बन गया है। आये दिन इस सीवरेज की वजह से दुर्घटनाएं हो रही हैं। दो दिन पूर्व ही 17 साल के एक बच्चे की सीवरेज के लिए बनाये गये गड्ढे में डूबकर मौत हो गयी।

विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि सीवरेज के लिए जहां-जहां गड्ढे किये गये हैं, वहां सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिये। इस मामले में अधिकारियों पर कार्रवाई के साथ-साथ कलेक्टर और कमिश्नर को निर्देशित करने की मांग की गई कि गड्ढे के आसपास सुरक्षा की उचित व्यवस्था की जाये।
विधानसभा में बिलासपुर विधायक शैलेष पांडेय ने इस मामले को उठाते हुए कहा कि आये दिन सीवरेज की वजह से बिलासपुर में हादसे होते रहते हैं। अब तक अनेक लोगों की सीवरेज की वजह से मौत भी हो गयी है। विधायक पांडेय ने इस मामले में दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और बालक की मौत पर पीड़ित परिवार को 10 लाख रूपये मुआवजा देने की मांग की।


विधायक शैलेष पांडेय ने कहा कि सीवरेज परियोजना बिलासपुर में पूरी तरह से फेल हो चुकी है। अब तक इसकी टेस्टिंग भी पूरी नहीं हो सकी है। जगह-जगह सीवरेज के नाम पर गड्ढे खोद दिये गये हैं, जिसकी वजह से आये दिन दुर्घटनाएं होती रहती है। उन्होंने दो दिन पहले 17 साल के लड़के की मौत पर दुख जताया।
सदस्यों की सीवरेज परियोजना में जाँच की माँग और अधिकारियों और ठेकेदार पर कार्यवाही की माँग पर विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत ने मामले को गंभीरता से लिया . उन्होंने विभागीय मंत्री को मामला संज्ञान में लेने के लिए निर्देशित किया . बाद में संसदीय कार्य मंत्री रविंद्र चौबे ने प्रकरण में जाँच की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *