पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष की प्रेस कॉन्फ्रेंस…. केंद्र ने धान का समर्थन मूल्य जितना बढ़ाया, राज्य सरकार ने किसानों की अंतर सहायता उतनी ही घटा दी : केशरवानी…

#केशरवानी ने ₹13,839 प्रति एकड़ सहायता का गणित समझाया…केंद्र ने MSP ₹258 प्रति क्विंटल बढ़ाया, राज्य की अंतर सहायता ₹917 से घटकर ₹659 रह गई…
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बेलतरा विस क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी विजय केशरवानी ने धान खरीदी और कृषक उन्नति योजना के आंकड़े सामने रखकर राज्य सरकार पर किसानों को बढ़ी हुई कीमत का लाभ नहीं देने का आरोप लगाया है . उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने तीन साल में धान का समर्थन मूल्य (MSP) 258 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ाया, लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों की अंतर सहायता में उतनी ही कटौती कर दी . इसके परिणामस्वरूप किसानों को अपने धान की कीमत मात्र 3100 रुपए प्रति क्विंटल ही मिल रही है, जबकि पुरानी सहायता जारी रहती तो किसानों को 3358 रुपए प्रति विवंटल मिलते .
केशरवानी समझाते हैं कि खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में सामान्य धान का एमएसपी 2183 रुपए और राज्य की अंतर सहायता 917 रुपए प्रति क्विंटल थी. किसान को कुल भुगतान 3100 रुपए प्राप्त होता था . केंद्र ने प्रति वर्ष MSP बढ़ाया जो वर्ष 2026-27 में 2441 रुपए हो गया लेकिन राज्य ने सहायता घटाकर 659 रुपए कर दी वरना किसानों को 3,358 रूपये प्रति क्विंटल मिलते . यद्यपि केशरवानी कहते हैं कि ये तुलनात्मक गणना है तथापि सरकार को बताना चाहिए कि किसानों को इस संभावित अतिरिक्त लाभ से क्यों वंचित रखा जा रहा है . इतना ही नहीं, केशरवानी पुरानी और वर्तमान अंतर सहायता के बीच का अंतर भी बताते हैं . उनके अनुसार 21 क्विंटल प्रति एकड़ के अधिकतम उपार्जन मानक के हिसाब से पहले 917 रुपए की सहायता से 19,257 रुपए मिलते थे . अब 659 रुपए की दर से 13,839 रुपए मिलेंगे . यानी प्रति एकड़ 5418 रुपए कम . केशरवानी ने आरोप लगाया कि सरकार सहायता राशि का प्रचार कर रही है, लेकिन पुरानी दर से हुई कटौती का हिसाब नहीं बता रही .
कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी आगे कहते हैं कि अकेले इतना ही नहीं बल्कि किसान धान खरीदी केन्द्रों की कम लिमिट और टोकन आदि की समस्या से भी जूझ रहे हैं . दो-दो चक्रवात झेलने के बाद किसान की फसल कटाई के लिए तैयार नहीं है, ऐसे में कम समय में पूरी फसल बेचने की व्यवस्था किसानों के लिए परेशानी का सबब बन सकती है . उन्होंने कहा कि पहले खाद फिर बीज और अब फसल बेचने की समस्या से किसान बेतरह परेशान हैं .
केशरवानी ने सरकार के समक्ष सप्तसूत्रीय मांगें रखी हैं . पहली, केंद्र की MSP और राज्य सरकार की अंतर सहायता का पूरा गणित सार्वजानिक किया जाए . दूसरी, सरकार स्पष्ट करे कि अंतर सहायता की दर क्यों घटाई गई . तीसरी, राज्य सरकार MSP की बढ़ोतरी का अतिरिक्त लाभ किसानों तक पहुँचाने की नीति स्पष्ट करे . चौथी, कृषक उन्नति योजना के तहत 13, 839 रूपये प्रति एकड़ सहायता की पात्रता, गणना, सत्यापन और भुगतान की समय-सीमा सार्वजनिक की जाये. पांचवीं, धान खरीदी केन्द्रों की दैनिक खरीदी लिमिट बढ़ाई जाये . छठीं, निर्धारित खरीदी अवधि में प्रत्येक पात्र किसान का पूरा धान खरीदना सुनिश्चित किया जाये . सातवीं, मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों में कृषि परिस्थितियों तथा वास्तविक उत्पादन के अनुसार खरीदी और सहायता राशि का उचित प्रावधान किया जाए .
हालाँकि केशरवानी ने पूरी पत्र-वार्ता के केंद्र में सिर्फ बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को ही रखा लेकिन यह भी स्पष्ट किया कि समय रहते इसका निदान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ मिलकर चरणबद्ध आन्दोलन करेगी .

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *