बिलासपुर सराफा एसोसिएशन ने दिव्या ज्वेलर्स को किया निष्कासित, चोरी रोकने के लिए सख्त नियमों की मांग…
बिलासपुर, 07 अगस्त 2026… सोने-चांदी के कारोबार में बढ़ती चोरियों और अनियमितताओं को देखते हुए बिलासपुर सराफा एसोसिएशन ने बड़ा फैसला लिया है। एसोसिएशन ने दिव्या ज्वेलर्स, सरकंडा को संघ से निष्कासित कर दिया है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि पिछले कुछ समय से बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में सराफा दुकानों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। जांच में सामने आया कि कुछ प्रतिष्ठान सोना खरीदते समय जरूरी दस्तावेज, KYC और रजिस्टर मेंटेन नहीं कर रहे हैं, जिससे चोरी का माल खपाने की आशंका बढ़ गई है।

श्री सोनी ने कहा कि यह कार्रवाई किसी व्यक्तिगत कारण से नहीं, बल्कि पूरे सराफा समाज की गरिमा, व्यापारिक नैतिकता और ईमानदार व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए की गई है।
एसोसिएशन ने कुछ मांगें भी रखी हैं जिसमें प्रमुख रूप से शामिल हैं…
- सोने की खरीद-बिक्री के लिए प्रशासन द्वारा सख्त और प्रभावी सत्यापन प्रणाली लागू की जाए।
- प्रत्येक लेन-देन का पूरा रिकॉर्ड, बिल और पहचान पत्र रखना अनिवार्य किया जाए।
- गोल्ड लोन देने वाली बैंक और फाइनेंस कंपनियों पर भी निगरानी बढ़ाई जाए ताकि चोरी का सोना गिरवी न रखा जा सके।
- चोरी रोकने के लिए पुलिस के साथ मिलकर एक विशेष नेटवर्क बनाया जाए।
श्री सोनी ने बताया कि 28 जून 2026 को बिलासपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ सराफा महासम्मेलन में उप-मुख्यमंत्रीद्वय अरुण साव और विजय शर्मा की मौजूदगी में भी चोरी और अवैध लेन-देन का मुद्दा उठाया गया था।
अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी अन्य प्रतिष्ठान द्वारा भी संघ विरोधी गतिविधि की गई तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सराफा समाज किसी भी प्रकार का कोई गलत या असामाजिक कार्य बर्दाश्त नहीं करेगा।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष, वैज्ञानिक और गहन जांच हो और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि चोरी के माल की खरीद-फरोख्त करने वालों पर प्रभावी अंकुश लगे।


