“योग फॉर हेल्दी एजिंग” थीम के साथ मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस…योग को जीवन का हिस्सा बनाकर रहें निरोग ; केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू…

“योग फॉर हेल्दी एजिंग” थीम के साथ मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस…योग को जीवन का हिस्सा बनाकर रहें निरोग ; केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू…

विभिन्न शासकीय, सामाजिक, शैक्षणिक और निगमित व निजी संस्थानों में उत्साहपूर्वक मनाया गया योग-उत्सव…

बहतराई स्टेडियम में हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, नशा मुक्ति की ली शपथ…

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बहतराई स्टेडियम में जिला स्तरीय भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” रही, जिसके अनुरूप हजारों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू ने योग को भारत की प्राचीन धरोहर बताते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नियमित योग से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है और व्यक्ति निरोग जीवन जी सकता है।


कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। ब्रह्माकुमारी संस्था की मंजू दीदी के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। समापन अवसर पर नशामुक्त भारत अभियान के तहत सभी को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। विभिन्न सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्थाओं की सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ |

अच्छे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए रोज करें योग – अरुण साव…

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दुर्ग के खालसा पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम में उप-मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में सांसद विजय बघेल, विधायक रिकेश सेन सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं विद्यार्थियों ने भाग लेकर योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास किया।


उप-मुख्यमंत्री साव ने अपने संबोधन में कहा कि योग शारीरिक और मानसिक विकास का सशक्त माध्यम है तथा इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने सभी उपस्थितजनों को नियमित योगाभ्यास करने की शपथ दिलाई। योग प्रशिक्षकों द्वारा कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी सहित विभिन्न प्राणायाम एवं आसनों का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ।

रेडक्रॉस सोसाइटी का योग प्रशिक्षण शिविर ; कंपनी गार्डन में ; “करें योग,रहें निरोग” का संदेश…

भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा बिलासपुर द्वारा कंपनी गार्डन में योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। “करें योग, रहें निरोग” संदेश के साथ आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। योग गुरु अनिल तिवारी ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराते हुए योग से स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।


कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. बी.एल. गोयल मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने नियमित योग अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में गणमान्य नागरिकों एवं संस्थागत प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही।

प्रधान डाकघर में योग शिविर…

बिलासपुर के प्रधान डाकघर में योग शिविर का आयोजन किया गया। प्रवर अधीक्षक बी.एल. जांगड़े के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया।


योग प्रशिक्षक श्रीमती भावना ताम्रकार ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित अभ्यास से व्यक्ति तनावमुक्त एवं स्वस्थ रहता है। इस दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया|

बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट में योग दिवस…

बिलासपुर में चकरभाटा क्षेत्र में स्थित बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एयरपोर्ट डायरेक्टर एन. बीरेन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।


सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना रहा।

छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में योगाभ्यास…

दूसरी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, सकरी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेनानी विमल कुमार बैस के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं जवानों ने भाग लिया।


इस अवसर पर नियमित योगाभ्यास एवं संतुलित आहार अपनाने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य जवानों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना रहा।

स्काउट-गाइड की सहभागिता के साथ सामूहिक योग…

बिलासपुर के बहतराई स्थित राज्य प्रशिक्षण खेल परिसर में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।


स्काउट एवं गाइड सदस्यों ने अनुशासनपूर्वक योगाभ्यास कर कार्यक्रम को सफल बनाया। इस अवसर पर सभी ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

एसईसीएल में महिला योग सत्र…

एसईसीएल योग महोत्सव 2026 के अंतर्गत वसंत क्लब में महिलाओं हेतु विशेष योग सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धा महिला मंडल की सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आर्ट ऑफ लिविंग की प्रशिक्षक सुश्री अंशुल सैनी के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने योगासन एवं ध्यान का अभ्यास किया। सभी ने योग को दैनिक जीवन में शामिल करने का संकल्प लिया।

एसईसीएल योग महोत्सव ; योग स्वस्थ,संतुलित एवं सक्रिय जीवन का आधार है : हरीश दुहन..

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर एसईसीएल द्वारा वसंत क्लब में भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन की उपस्थिति में इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन, एसईसीएल परिवार की प्रथम महिला एवं श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) दारला सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी-योजना/परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र, श्रद्धा महिला मंडल की उपाध्यक्षा श्रीमती इप्सिता दास एवं श्रीमती हसीना कुमार सहित विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का संचालन एवं योग प्रशिक्षण ब्रह्मकुमारी गायत्री देवी द्वारा प्रदान किया गया। उनके मार्गदर्शन में विभिन्न योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। इस अवसर पर कोलकाता में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के राष्ट्रीय समारोह का सीधा प्रसारण भी प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि, “योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। नियमित योगाभ्यास हमें शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाता है तथा बेहतर जीवन गुणवत्ता की ओर अग्रसर करता है।” उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कराया गया तथा योग के लाभों पर प्रकाश डाला गया। अंत में सभी ने नियमित योग अपनाने एवं नशामुक्ति का संकल्प लिया।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में योग कार्यक्रम ; “योग स्वस्थ, संतुलित एवं सक्रिय जीवन का आधार” – तरुण प्रकाश, महाप्रबंधक…

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर न्यू ऑडिटोरियम में प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाप्रबंधक तरुण प्रकाश मुख्य अतिथि रहे।
महाप्रबंधक ने कहा कि इस वर्ष योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” है, जो स्वस्थ, सक्रिय एवं गुणवत्तापूर्ण जीवन की आवश्यकता को रेखांकित करती है। उन्होंने बताया कि योग नियमित रूप से अपनाने पर शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक संतुलन तथा भावनात्मक दृढ़ता प्रदान करता है और जीवनशैली से जुड़ी अनेक बीमारियों की रोकथाम में सहायक सिद्ध होता है।


कार्यक्रम में योगाचार्य एल. पी. नायक के मार्गदर्शन में सामूहिक योगाभ्यास सत्र आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योगाभ्यास के दौरान विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा उनके स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सूर्य नमस्कार का आकर्षक प्रदर्शन भी प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थितजनों ने सराहा।
अंत में महाप्रबंधक द्वारा योग संकल्प का वाचन कराया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।
योग दिवस के अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर, रायपुर एवं नागपुर तीनों मंडलों, प्रमुख रेलवे स्टेशनों, कार्यशालाओं, कारखानों तथा विभिन्न रेल संस्थानों में भी व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में हजारों रेलकर्मियों, उनके परिवारजनों एवं स्कूली विद्यार्थियों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

एनटीपीसी सीपत में योग दिवस ; मन, शरीर और आत्मा के संतुलन का संदेश…

एनटीपीसी सीपत में 21 जून को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर एनटीपीसी सीपत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, सीआईएसएफ के अधिकारियों एवं जवानों तथा विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
इस वर्ष की थीम “Yoga for Healthy Ageing” के अनुरूप आयोजित योग सत्र का संचालन आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षकों द्वारा किया गया। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, स्ट्रेचिंग अभ्यास तथा प्राणायाम का अभ्यास कराया। सत्र के दौरान योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।


कार्यक्रम में सुरोजीत सिन्हा, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण); अशोक सरकार, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं ईंधन प्रबंधन); विकास खरे, महाप्रबंधक (इंजीनियरिंग); अनुराग गौतम, अपर महाप्रबंधक (मेंटेनेंस); वरिष्ठ अधिकारीगण; कर्मचारीगण; यूनियन एवं एसोसिएशन के सदस्य; कपिल सुधाकर कामडी, उप कमांडेंट, सीआईएसएफ; सीआईएसएफ के अधिकारी एवं जवान; तथा शलभ निगम, प्राचार्य, बाल भारती पब्लिक स्कूल एवं विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ योगाभ्यास किया। इस अवसर पर दैनिक जीवन में योग को शामिल करने के महत्व पर बल देते हुए बेहतर स्वास्थ्य, मानसिक शांति और समग्र कल्याण के लिए नियमित योगाभ्यास का संदेश दिया गया।

गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में योग महाकुंभ ; योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वयं, समाज, संस्कृति और देश से जुड़ने का माध्यम — कुलपति प्रो. आलोक कुमार चक्रवाल…

गुरु घासीदास विश्वविद्यालय (केंद्रीय विश्वविद्यालय), बिलासपुर के शारीरिक शिक्षा, योग एवं खेल विज्ञान विभाग द्वारा 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर “योग महाकुंभ–2026” का भव्य आयोजन किया गया।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) रही, जिसके माध्यम से जीवन के प्रत्येक चरण में स्वास्थ्य, संतुलन और मानसिक प्रसन्नता के लिए योग के महत्व को रेखांकित किया गया।


कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऑनलाइन संबोधन रहा। प्रधानमंत्री ने योग को स्वस्थ, सक्रिय और संतुलित जीवन का आधार बताते हुए सभी आयु वर्ग के लोगों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों से नियमित योगाभ्यास अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का प्रभावी माध्यम है।
प्रधानमंत्री के संबोधन के उपरांत विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं योग साधकों ने सामूहिक रूप से कॉमन योग प्रोटोकॉल (CYP) का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाएं कराई गईं। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. तिलक राज मीणा ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ आचार्य प्रो. मनीष श्रीवास्तव, प्रो. ए.एस. रानदीवे, परीक्षा नियंत्रक डॉ. संपूर्णानंद झा सहित विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, अधिकारीगण, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

सम्पादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *