गणतंत्र दिवस अमर रहे….

गणतंत्र दिवस अमर रहे….

गणतंत्र की मजबूती ही जन-जन की सफलता है: राज्यपाल सुश्री उइके.

छत्तीसगढ़ की राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने आज प्रदेश की राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी और छत्तीसगढ़ की जनता के नाम संबोधन दिया। इस अवसर पर मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा एवं अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू उपस्थित थे।

विरासत में हमें न्याय के लिए मिला अडिग साहस: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल.

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि हमारे संविधान में लिखी इबारतों को बहुत ही साफ मन और न्याय के अटूट इरादे से समझा जा सकता है। विरासत में हमें न्याय के लिए जो अडिग साहस मिला है, उसी को हमने अपनी सरकार का मूलमंत्र बनाया है। सबसे कमजोर तबकों को सबसे पहले और सबसे ज्यादा तवज्जो देकर न्याय दिलाना हमने अपना प्रथम कर्तव्य माना है। जिसके कारण हम बिना किसी संशय के विगत चार वर्षां में छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा पूरी लगन से कर पा रहे हैं।  
मुख्यमंत्री बघेल आज 74वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद प्रदेश की जनता को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आगामी वित्तीय वर्ष से बस्तर संभाग, सरगुजा संभाग और प्रदेश के अनुसूचित क्षेत्रों में आदिवासी समाज के पर्वों के उत्तम आयोजन के लिये मुख्यमंत्री आदिवासी पर्व सम्मान निधि के तहत प्रतिवर्ष प्रत्येक ग्राम पंचायत को 10 हजार रूपये प्रदान करने, अगले वित्तीय वर्ष से बेरोजगारों को हर महीने बेरोजगारी भत्ता दिए जाने, महिला समूहों, महिला उद्यमियों, महिला व्यवसायियों एवं महिला स्टार्ट अप को व्यापार उद्योग स्थापित करने हेतु नवीन योजना प्रारंभ किए जाने की घोषणा की।

बिलासपुर में विकास उपाध्याय ने फहराया तिरंगा…

74वां गणतंत्र पर्व जिले में गरिमामय माहौल में मनाया गया। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में छ.ग. शासन के लोक निर्माण, गृह, जेल एवं पर्यटन विभाग के संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने ध्वज फहराया। उपाध्याय ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री नंदू राम भांगे को उनके घर जाकर शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने नक्सल हिंसा में शहीद हुए जिले के 26 जवानों एवं बलौदा बाजार जिले के 1 जवान के परिजनों को भी सम्मानित किया।
कार्यक्रम में महापौर रामशरण यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चैहान, छ.ग. सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रमोद नायक, योग आयोग के सदस्य रविन्द्र सिंह, छ.ग. मछुआ कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष राजेंद्र धीवर, नगर निगम के सभापति शेख नजरूदीन, कमिश्नर डा. संजय अलंग, पुलिस महानिरीक्षक बी.एन.मीणा, कलेक्टर सौरभ कुमार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती पारूल माथुर, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती जयश्री जैन, एडीएम आर.ए.कुरूवंशी, नगर निगम कमिश्नर कुणाल दुदावत, विजय केशरवानी, विजय पाण्डेय, महेश दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

सम्पादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *