आ रहे हैं…प्रसिद्ध फ़िल्म अभिनेता व रंगकर्मी राजेंद्र गुप्ता 2 अप्रैल को बिलासपुर में “पटकथा” का नाट्य मंचन करेंगे…
देश के प्रसिद्ध फ़िल्म अभिनेता और रंगकर्मी राजेंद्र गुप्ता छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में आ रहे हैं। वे 2 अप्रैल गुरुवार को कवि धूमिल की रचना “ पटकथा “ का नाट्य मंचन करेंगे। यह कार्यक्रम सी एम डी चौक स्थित आई.एम.ए. भवन में होगा।

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और आधारशिला के सहयोग से प्रगतिशील लेखक संघ और इप्टा की बिलासपुर इकाई द्वारा आयोजित नाट्य-शो 2 अप्रैल को संध्या 7 बजे होगा ।

माचिस,लगान, तलवार जैसी प्रसिद्ध फ़िल्मों के साथ ही चंद्रकांता, चिड़ियाघर, बालिका वधू, लागी तुमसे लगन जैसे लोकप्रिय टी वी धारावाहिकों में अपने अभिनय से अलग ही पहचान बना चुके राजेंद्र गुप्ता का यह एकल नाट्य मंचन भी अत्यंत विख्यात है । इसके निर्देशक आर एस विकल हैं और संगीत निर्देशक आदित्य शर्मा हैं । श्री गुप्ता के साथ ये दोनों भी आ रहे हैं । साहित्य के प्रति विशेष अनुराग रखने वाले राजेंद्र गुप्ता का कविता से गहरा लगाव है ।

आई एम ए भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में आयोजकों ने नगर के नाट्य और साहित्य प्रेमी प्रबुद्ध जनों से उपस्थिति का आग्रह किया है ।

कार्यक्रम की तैयारी-बैठक में डॉ आर.के. सक्सेना,हबीब ख़ान, अरुण दाभड़कर , डॉ सत्यभामा अवस्थी, रफीक ख़ान, नरेश अग्रवाल,सचिन शर्मा, नथमल शर्मा आदि उपस्थित थे ।
