सर्राफा कारोबारी से लूट का मामला ; दोषियों को सजा दिला कर ही लेंगे दम–कमल सोनी…
बिलासपुर के इतिहास की सबसे बड़ी लूट पर सर्राफा एसोसिएशन ने भरी हुंकार…
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में मंगलवार की रात को सर्राफा कारोबारी से हुई अब तक की सबसे बड़ी लूट की वारदात के बाद सर्राफा कारोबारियों के प्रादेशिक संगठन ने गहरा आक्रोश और चिंता व्यक्त की है। राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर ज्वेलर संतोष तिवारी पर हुए हमले और सोना-चांदी से भरे बैग सहित कार को लूट लेने की घटना ने पूरे व्यापारी वर्ग को झकझोर कर रख दिया है।
सर्राफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने इस मामले में पूरी सक्रियता का परिचय दिया। उन्होंने बिलासपुर पुलिस रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग से फोन पर विस्तृत चर्चा कर घटना की पूरी जानकारी साझा की । श्री सोनी देर रात तक घटनास्थल पर भी मौजूद रहे । उन्होंने पुलिस जांच की प्रगति पर बाकायदा नजर बनाए रखी और घायल व्यापारी संतोष तिवारी के स्वास्थ्य की लगातार जानकारी लेते रहे।

कमल सोनी ने मामले में तात्कालिक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह घटना बिलासपुर के इतिहास की सबसे बड़ी लूट की वारदात है, जिसने व्यापारी समुदाय को स्तब्ध कर दिया है। उन्होंने कहा- “हमें हमेशा की तरह बिलासपुर पुलिस पर पूरा विश्वास है। जिस तरह पूर्व में भी पुलिस ने गंभीर मामलों का खुलासा किया है, उसी तरह इस मामले में भी जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाना चाहिए ।”
उन्होंने प्रशासन से व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग करते हुए कहा कि सर्राफा व्यवसाय से जुड़े लोगों में भय का वातावरण नहीं रहना चाहिए। सुरक्षा बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
श्री सोनी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि घायल संतोष तिवारी शीघ्र पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर अपने व्यवसाय का निर्भीकतापूर्वक संचालन करें।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सर्राफा एसोसिएशन अपने साथी व्यापारी के साथ मजबूती से खड़ा है और दोषियों को सजा दिलाने तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा।
इस घटना के बाद शहर के व्यापारिक संगठनों ने भी एकजुटता दिखाते हुए प्रशासन से त्वरित और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की है कि बिलासपुर पुलिस शीघ्र ही आरोपियों की तलाश कर उन्हें सज़ा दिलाने में कामयाब होगी।


