GEMS & JEWELLERY PARK ; छत्तीसगढ़ बनेगा देश का “सराफा हब”- कमल सोनी

GEMS & JEWELLERY PARK ; छत्तीसगढ़ बनेगा देश का “सराफा हब”- कमल सोनी

रायपुर में बनेगा देश का चौथा और मध्य भारत का सबसे बड़ा Gems and Jewellery Park…

छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन की वर्षों की मांग और मेहनत रंग लाई…

रायपुर/बिलासपुर | छत्तीसगढ़ के सराफा व्यापार के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक पहल के तहत राज्य सरकार ने राजधानी रायपुर के पंडरी स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में 10 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क विकसित करने की मंजूरी दे दी है। इस परियोजना को प्रदेश के सराफा व्यवसाय, आभूषण निर्माण उद्योग और स्थानीय कारीगरों के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है।
छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि वर्षों से सराफा व्यापारियों द्वारा की जा रही मांग अब साकार होने जा रही है। उन्होंने इसे प्रदेश के सराफा समाज की बड़ी उपलब्धि बताते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ देश का “सराफा हब” बनेगा।

अत्याधुनिक सुविधायुक्त देश का चौथा पार्क…

प्रदेश सराफा प्रमुख कमल सोनी ने बताया कि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बनने जा रहा जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क (Gems and Jewellery Park) देश का चौथा और मध्य भारत का पहला सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय स्तर का पार्क होगा। यह लगभग 350 करोड़ रुपये की लागत से पंडरी स्थित मंडी बोर्ड की 10 एकड़ जमीन पर विकसित किया जायेगा।

जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क का भव्य स्वरूप…

इस अनूठे प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य आभूषण कारोबारियों और कारीगरों को एक ही छत के नीचे सभी अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान करना है। इस पार्क की विशाल और भव्य संरचना में रिटेल और होलसेल की 500 से अधिक दुकानें और छोटे-बड़े भव्य शोरूम होंगे। इसके अलावा पार्क में कारीगरों, डिजाइनिंग, स्टोन कटिंग और पॉलिशिंग के लिए अलग से विशेष वर्कशॉप बनाए जाएंगे।

चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था…

सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरे परिसर में हाई-टेक सेंट्रल लॉक सिस्टम और उन्नत निगरानी तंत्र (Security Surveillance) लगाया जाएगा।

व्यावसायिक और उपभोक्ता सुविधाएं…

कारोबारियों की सुविधा के लिए बैंक, एटीएम, फूड काउंटर (कैफेटेरिया) और व्यावसायिक आयोजनों के लिए अलग से स्थान (Conference/Event Area) सुनिश्चित किए जायेंगे।

रोजगार सृजन…

इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के जेम्स एंड ज्वेलरी हब के बनने से स्थानीय युवाओं के लिए आभूषण निर्माण (Jewellery Designing) और व्यापार के क्षेत्र में रोजगार के ढेरों नए अवसर उपलब्ध होंगे। पार्क में कौशल विकास और प्रशिक्षण की व्यवस्था के तहत स्थानीय कारीगरों को आधुनिक तकनीकों और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण मिल सकेगा।

सराफा एसोसिएशन का मुख्यालय भी बनेगा…

जेम्स और ज्वेलरी पार्क के एक विशिष्ट परियोजना होने के कारण, इसके बाहरी और आंतरिक डिजाइन को तैयार करने के लिए छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन तथा अन्य विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।
सराफा प्रमुख सोनी के अनुसार जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क परिसर में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन का मुख्य कार्यालय स्थापित किया जाना प्रस्तावित है । इसके अलावा एक आधुनिक और विशाल सभागृह (ऑडिटोरियम) का भी निर्माण होगा, जहां व्यापारिक, सामाजिक और प्रशिक्षण संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।

सराफा समाज के महा सम्मेलन में नागरिक अभिनन्दन…

प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि इस ऐतिहासिक निर्णय के स्वागत में जून माह में ही सराफा समाज द्वारा एक भव्य ‘महा सम्मेलन’ आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर राज्य सरकार के प्रतिनिधियों, मंत्रियों और जन-प्रतिनिधियों का नागरिक अभिनंदन भी किया जाएगा।

सरकार के प्रति जताया आभार…

छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने इस परियोजना को स्वीकृति देने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप-मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा सीएसआईडीसी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया है।
कमल सोनी ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम द्वारा इस महत्वाकांक्षी परियोजना को विकसित करने की प्रक्रिया (RFP/Tender) को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश का चौथा सबसे बड़ा यह पार्क राज्य में रत्न और आभूषण व्यापार को बढ़ावा देने के लिए एक अहम कदम साबित होगा| प्रदेश का सराफा कारोबार न केवल नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा, बल्कि निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में देश में अग्रिम पंक्ति में स्थान बनाने में सफल होगा।
उन्होंने दोहराया कि छत्तीसगढ़ देश का “सराफा हब” बनेगा।

सम्पादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *