जादूगर सम्राट अजूबा का हैरतअंगेज मैजिक-शो शिव टॉकिज में शुक्रवार शाम से होगा शुरु…

पहली बार दुनिया के सबसे खतरनाक स्टंट मैजिक अंडर वाटर डेथ चैलेंज का होगा प्रदर्शन…
बिलासपुर। अपने जादुई कारनामों से दुनिया के लाखों लोगो को चकित और आनंदित कर चुके सुपर स्टार जादूगर सम्राट अजूबा नये-नये जादुई करतब और दुनियां का सबसे खतरनाक स्टंट अंडर वाटर डेथ चैलेंज लेकर न्यायधानी बिलासपुर आ गए है। शिव टॉकिज में उनका कार्यक्रम 5 जनवरी की शाम से शुरु होने जा रहा है। उद्घाटन शो के मुख्य अतिथि विधायक अमर अग्रवाल होंगे।
प्रेस क्लब, बिलासपुर में गुरूवार को पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जादू हमारे देश की प्राचीनतम कला है जिसे आज संरक्षण की जरूरत है। अब तक अनेक अवार्ड्स और पुरस्कारों से सम्मानित हो चुके यमुनानगर, हरियाणा के निवासी जादूगर अजूबा ने बताया कि जादू एक कला है और तंत्र-मंत्र, भूतप्रेत से इसका दूर-दूर तक कोई नाता नहीं है लोगों को अंधविश्वास से बचाना उनके जादुई मिशन का उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि उनका हमेशा से प्रयास रहा है कि नए-नए करतब प्रस्तुत कर दर्शकों का स्वस्थ मनोरंजन किया जाए. उन्होंने आगे बताया कि इस बार अनेकों नए करतब उनके जादुई शो के आकर्षण होंगे जैसे – स्टंट अंडर वाटर डेथ चैलेंज मैजिक, यह एक ऐसा करतब है जिसे छत्तीसगढ़ के लोगों ने अभी तक नहीं देखा है, क्योंकि यह करतब हिंदुस्तान में सिर्फ जादूगर अजूबा ही दिखाते है और वे पहली बार बिलासपुर आए हैं। इसी तरह लड़की को टुकड़ों में काट कर जोड़ना, लड़की को हवा में उड़ाना, जिंदा लड़की के शरीर के दो टुकड़े कर देना जैसे अनेक ऐसे करतब है जो बिलासपुर में भव्य रुप में दिखाएं जाएंगे।

उन्होंने बताया कि यहाँ रोजाना दो शो 1:15 बजे और 6:15 बजे से शुरु होंगे। रविवार को तीन शो 1:15 बजे, 4:15 बजे और 6:15 बजे होंगे जबकि स्कूल के बच्चों और संस्थाओं के लिए भी स्पेशल शो प्रदर्शित होंगे। हर शो दो घंटे का होगा जिसमें रहस्य रोमांच और हास्य से भरे दर्जनों तरह के कारनामें होंगे। एडवांस टिकट बुकिंग सुबह 10 बजे से ही हॉल में कराई जा सकेगी। ताकि लोगों को असुविधा न हो, इसके अलावा ऑनलाईन भी टिकट www.jadugarajooba.com पर उपलब्ध है।
प्रेस वार्ता के दौरान जादूगर अजूबा के प्रबंधक रुद्रप्रताप सिंह, पी आर ओ मदन भारती एवं बिलासपुर के वरिष्ठ जादूगर आर.पी. अग्रवाल भी उपस्थित रहे। जादूगर अजूबा ने प्रेस वार्ता के दौरान कई रोमांचक जादुई करतब भी दिखाए।