छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में गुरूवार की रात एक सिरफिरे युवक ने एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल की हथौड़ा मारकर हत्या कर दी . पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है . युवक को शक था कि प्रिंसिपल उसकी गर्लफ्रेंड को परेशान करता था और उसका स्थानीय अभिभावक होने का फायदा उठाता था . घटना तारबाहर थाना क्षेत्र की है .
पुलिस सूत्रों से मिली अधिकृत जानकारी के अनुसार बिलासपुर के लिंक रोड में येस बैंक की गली में प्रदीप श्रीवास्तव (62) अपनी पत्नी के अनीता साथ रहते थे . प्रदीप बिलासपुर के निकट पचपेड़ी स्थित हायर सेकंडरी स्कूल के प्राचार्य पद पर कार्यरत थे . उनकी पत्नी भी परसदा स्थित हाईस्कूल में प्राचार्य है . उनके दो बच्चे बिलासपुर से बाहर रहकर पढाई कर रहे हैं .

गुरूवार की रात प्रदीप घर से बाहर गए हुए थे . उनकी पत्नी घर की पहली मंजिल में मौजूद थी . रात करीब 10 बजे प्राचार्य घर लौटे . घर के पास पहले से घात लगाकर बैठे युवक उपेन्द्र कौशिक (24) ने उनके सिर में हथौड़े से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया . अचानक हुए हमले से प्रदीप अपने घर के पोर्च पर ही गिर पड़े . युवक उपेन्द्र इतना गुस्से में था कि उसने प्राचार्य प्रदीप के सिर पर वहीँ पड़े गमले को पटक दिया . उसने प्राचार्य के गले पर ब्लेड से भी वार किया और मौके से फरार हो गया .
इस बीच श्रीवास्तव के पड़ोसी आवाजें सुनकर बाहर निकले . उनकी पत्नी अनिता भी उपरी मंजिल से नीचे आई . प्रदीप अपने ही घर की पोर्च में खून से लथपथ पड़े थे . उनके सिर से काफी मात्रा में खून बह रहा था . पुलिस को सूचना दी गई . प्राचार्य को तत्काल अस्पताल पहुँचाया गया . अस्पताल में डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया .

पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू कर दी . छानबीन के दौरान पुलिस ने प्राचार्य प्रदीप की हत्या के आरोप में सरकंडा के जोरापारा में रहने वाला उपेंद्र कौशिक को गिरफ्तार कर लिया है . उपेन्द्र मूलत: सिरगिट्टी क्षेत्र के हरदीकला का रहने वाला है और सरकंडा में रहकर जॉब करता है .
पुलिस के अनुसार उपेंद्र ने बताया है कि मृतक प्रदीप उसकी गर्लफ्रैंड को परेशान करता था और अपने टीचर होने का फायदा उठाता था . उसने गुस्से में आकर प्रदीप श्रीवास्तव को उसके घर जाकर मार दिया .
