बिलासपुर के पड़ोसी जिले जीपीएम के मरवाही वनमंडल में शुक्रवार की रात को एक उत्पाती हाथी ने कुम्हारी गाँव के धनुहारीटोला में एक अधेड़ व्यक्ति को कुचलकर मार डाला . इस घटना से गाँव में दहशत का माहौल है . वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर गाँव वालों को ग्राम सचिवालय के भवन में शिफ्ट कर दिया था . वनकर्मी हाथी की गतिविधियों पर निगरानी भी रखे हुए हैं .
मरवाही थाना से मिली जानकारी के अनुसार मरवाही और कटघोरा वनमंडल के सीमान्त इलाके में इस समय हाथियों के तीन दल विचरण कर रहे हैं . एक दल में 22 हाथियों का झुण्ड है जबकि 3 हाथियों का एक अन्य दल भी अलग घूम रहा है . तीसरा हाथी इकलौता हैं जो 22 हाथियों के दल से ही बिछड़ा हुआ है . शुक्रवार की शाम को यही इकलौता हाथी मरवाही रेंज के कुम्हारी गाँव के धनुहारीटोला में आ धमका . यहाँ हाथी ने जमकर उत्पात मचाया और तीन झोपड़ीनुमा घरों को नुकसान पहुंचाया . ग्रामीणों ने पड़ोस के मोहल्ले खेरवाटोला के लोगों से मदद की गुहार लगाईं . वनविभाग के कर्मियों को इसकी सूचना दी गई . वनकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे . उन्होंने वहां रहने वाले ग्रामीणों को ग्राम सचिवालय के भवन में रहने की ताकीद दी . इस समय गाँव के 10 परिवारों के 35 व्यक्ति इस भवन में शरण लिए हुए हैं .

मरवाही पुलिस ने बताया कि इस दौरान गाँव में हाथी का उत्पात जारी था . शुक्रवार की रात करीब 9 बजे एकाएक खेरवाटोला के 5 -7 ग्रामीणों का हाथी से सामना हो गया . हाथी को देखते ही सभी जान बचाने के लिए भाग खड़े हुए लेकिन अशोक कुमार उइके (49) समय रहते भाग नहीं सका . हाथी ने उसे पछाड़ दिया और उसकी छाती में पैर रखकर उसे कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई .
मरवाही पुलिस और वन विभाग के अधिकारी इस मामले में आवश्यक कार्यवाही कर रहे हैं .
