सेवा संकल्प अभियान : प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के नेतृत्व की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएगा सराफा संगठन – प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी…

बिलासपुर / रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव और उनके नेतृत्व के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने भी व्यापक तैयारी की है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माता, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को विश्वकर्मा जयंती के पावन अवसर पर है। इस दिन से लेकर 17 अक्टूबर तक पूरे माह भारत वर्ष में भारतीय जनता पार्टी और आम जनता के सहयोग से *सेवा संकल्प अभियान* चलाया जा रहा है।
25 साल बेमिसाल थीम पर कार्यक्रम…
श्री सोनी ने अपने संदेश में कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शासन की बागडोर संभाली थी। उनके कुशल नेतृत्व के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इन 25 वर्षों में उन्होंने गुजरात से लेकर देश तक विकास का जो मॉडल दिया है, उसे पढ़ना, समझना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

उन्होंने कहा, “हम सबका दायित्व है कि मोदी जी के ‘सेवा ही संकल्प है’ के मंत्र को आत्मसात करें। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन इस पूरे अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएगा।”
बिलासपुर में एक माह तक चलेंगे कार्यक्रम – कमल सोनी…
प्रदेश अध्यक्ष सोनी ने बताया कि छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन, बिलासपुर इकाई द्वारा पूरे एक माह तक प्रतिदिन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे –

1. नित्य महाआरती : प्रतिदिन शाम 6 बजे सामूहिक महाआरती का आयोजन किया जाएगा।
2. प्रबुद्धजन संवाद: शहर के प्रबुद्ध नागरिकों, वरिष्ठ व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और युवाओं के साथ संवाद कर प्रधानमंत्री के विचारों पर चर्चा होगी।
3. व्यापारी सम्मेलन : व्यापारियों के हित, व्यापार में पारदर्शिता और सराफा व्यवसाय से जुड़ी जागरूकता के लिए विशेष बैठकें होंगी।
4. सेवा कार्य : इस दौरान रक्तदान, स्वच्छता और जन-जागरूकता से जुड़े सेवा कार्य भी किए जाएंगे।

श्री सोनी ने अंत में सभी सराफा व्यापारियों, चेंबर के सदस्यों और शहरवासियों से इस सेवा संकल्प अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *